श्री अमृतसर साहिब/चंडीगढ़ , 10 फरवरी: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भारत–अमेरिका व्यापार समझौते में देश के किसानों को सुरक्षा कवच प्रदान करते हुए देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में प्रगति के द्वार खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि यह समझौता देश को उन्नति की नई मंजिलों तक ले जाने के लिए रनवे के रूप में कार्य करेगा।
सुनील जाखड़ ने कहा कि भाजपा अपने लोगों और विशेषकर किसानों के प्रति अपनी जिम्मेदारी और जवाबदेही समझती है, इसलिए वह लोगों को इस व्यापार समझौते के विभिन्न पहलुओं से अवगत करवा रही है। उन्होंने विपक्षी दलों को इस समझौते के प्रति भ्रामक प्रचार करने से बचने की सलाह देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कठिन अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में देशहित में यह समझौता करने में सफलता प्राप्त की है, जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं।
Top Tags