केरल हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने फिल्म “द केरल स्टोरी 2” से रोक हटाई

फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2’ के मेकर्स के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है. विपुल अमृतलाल शाह के बैनर तले बनी विवादित फिल्‍म ‘द केरल स्‍टोरी 2’ की रिलीज पर लगी रोक हटा दी गई है। केरल हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच ने फिल्म की रिलीज पर लगी अंतरिम रोक को पूरी तरह से हटा दिया है. जस्टिस एसए धर्माधिकारी और पीवी बालकृष्णन की  डिवीजन बेंच ने मामले की गंभीरता और सभी पक्षों की दलीलों को सुनने के बाद जस्टिस बेचू कुरियन थॉमस के अंतरिम आदेश पर रोक लगा दी ।

केरल हाई कोर्ट ने पलटा फैसला

शुक्रवार, 27 फरवरी को ही ‘द केरल स्‍टोरी 2’ सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी। लेकिन गुरुवार, 26 फरवरी को जस्टिस थॉमस ने दोपहर 3 बजे फिल्म की रिलीज पर 15 दिनों के लिए रोक लगा दी थी, साथ ही सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से फिल्म के खिलाफ रिप्रेजेंटेशन की जांच करने को कहा था. डिवीजन बेंच ने उसी दिन शाम 7.30 बजे फिल्म के प्रोड्यूसर्स द्वारा फाइल की गई अपील पर सुनवाई के लिए एक अर्जेंट स्पेशल सिटिंग बुलाई. दो घंटे से ज्यादा चली  सुनवाई के बाद, बेंच ने मामले में अपना फैसला सुरक्षित रख लिया.

केरल हाईकोर्ट में याचिका दायर थी

‘द केरल स्टोरी 2’ का टीजर और ट्रेलर रिलीज किया गया था, जिसके बाद फिल्म सुर्खियों में आई और फिल्म को लेकर विवाद शुरू हो गया। बायोलॉजिस्ट श्रीदेव नंबूदरी ने केरल हाईकोर्ट में याचिका दायर की जिसके बाद मामला कोर्ट पहुंच गया और इस कारण ये फिल्म 27 फरवरी को रिलीज नहीं हो सकी।