चंडीगढ़, 14 जुलाई: हरियाणा की राजनीतिक फिज़ा में इन दिनों युवाओं की हलचल साफ महसूस की जा सकती है। जननायक जनता पार्टी (JJP) के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला द्वारा चलाया गया ‘युवा जोड़ो अभियान’ प्रदेशभर में जोर पकड़ता नजर आ रहा है।
अब तक राज्य के 9 जिलों में सफल कार्यक्रम कर चुके दिग्विजय चौटाला अब अपनी अगली यात्रा जींद, सोनीपत और रोहतक के लिए तय कर चुके हैं। वे 16 जुलाई को जींद, 17 जुलाई को सोनीपत और 18 जुलाई को रोहतक में युवाओं से सीधा संवाद करेंगे।
हर विधानसभा क्षेत्र में पहुंच, हर युवा से जुड़ाव
तपती गर्मी और मूसलधार बारिश के बावजूद दिग्विजय चौटाला हर जिले के हर हलके में पहुंच रहे हैं। वे न केवल युवाओं से संवाद कर रहे हैं, बल्कि उनके सवालों और चिंताओं को खुलकर सरकार के सामने रख रहे हैं। उन्होंने हरियाणा में बदहाल कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, बढ़ती नशाखोरी और अफसरशाही के बढ़ते प्रभाव जैसे मुद्दों पर सरकार को आड़े हाथों लिया है।
कड़े सवालों से सरकार को घेरने की रणनीति
दिग्विजय ने अपने कार्यक्रमों में न केवल युवाओं की भावनाओं को समझा, बल्कि उन्हें सरकार के खिलाफ आवाज़ उठाने का हौसला भी दिया। वे लगातार इन मुद्दों को उठा रहे हैं:
-
बेकाबू बेरोजगारी और लगातार रद्द हो रही भर्तियां
-
एचएयू (हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय) के छात्रों का आंदोलन
-
बिजली दरों में वृद्धि और सीईटी (कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट) में अव्यवस्था
-
सरकारी वादाखिलाफी और युवाओं से छल
-
बढ़ती नशे की लत और भ्रष्ट प्रशासनिक रवैया
उनका कहना है कि सरकार युवाओं को आश्वासनों का झुनझुना पकड़ा रही है, लेकिन ज़मीनी हकीकत कुछ और ही है।
बड़ी संख्या में युवा हो रहे हैं जेजेपी से जुड़ाव
दिग्विजय चौटाला के नेतृत्व में जेजेपी का यह अभियान न केवल युवाओं को प्रेरित कर रहा है, बल्कि हजारों युवा कार्यकर्ता पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण कर रहे हैं।
अब तक कैथल, अंबाला, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, दादरी और महेंद्रगढ़ जैसे जिलों में आयोजित कार्यक्रमों को जबरदस्त जनसमर्थन मिला है।
मजबूत युवा संगठन की नींव रख रहे हैं दिग्विजय
इस अभियान का उद्देश्य सिर्फ संवाद नहीं, बल्कि हरियाणा के 22 जिलों और 90 विधानसभा क्षेत्रों में एक संगठित, ऊर्जावान और उद्देश्यपूर्ण युवा संगठन खड़ा करना है। दिग्विजय खुद यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि हर मेहनती और समर्पित युवा को पार्टी में उचित स्थान और जिम्मेदारी मिले।
वे कहते हैं:
“हरियाणा का युवा अब सिर्फ नौकरी के इंतजार में बैठा रहने वाला नहीं रहा। वह बदलाव चाहता है, और हम उसे यह मंच देने के लिए निकले हैं।”
आगे की रणनीति: बदलाव की नींव युवा ही रखेंगे
युवा जोड़ो अभियान, जेजेपी की आगामी चुनावी रणनीति का हिस्सा भी माना जा रहा है। दिग्विजय चौटाला प्रदेशभर में जनभावनाओं की थाह लेने के साथ-साथ युवा शक्ति को संगठित करने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि पार्टी का आधार और अधिक मजबूत हो सके।
Top Tags