मोहाली, 30 अक्टूबर: भारत निर्वाचन आयोग ने आम नागरिकों और मतदाताओं की सुविधा के लिए वोटर सर्विस पोर्टल पर एक नई सुविधा “Book a Call with BLO” शुरू की है। इस मॉड्यूल के माध्यम से अब कोई भी नागरिक या मतदाता सीधे अपने बूथ लेवल अधिकारी (BLO) से बातचीत कर सकेगा और मतदाता सूची, पहचान पत्र, वोटर स्लिप्स तथा चुनाव संबंधी अन्य जानकारी प्राप्त कर सकेगा। ज़िला चुनाव अधिकारी एवं उपायुक्त कोमल मित्तल (आई.ए.एस.) ने बताया कि जब कोई नागरिक वोटर सर्विस पोर्टल पर “Book a Call with BLO” विकल्प के तहत कॉल बुक करेगा, तो संबंधित बूथ लेवल अधिकारी को भी एक टेक्स्ट संदेश प्राप्त होगा। इसके बाद BLO उस नागरिक को कॉल कर उसकी समस्या या पूछताछ का समाधान करेगा।
उन्होंने आगे बताया कि कॉल पूरी होने के बाद बूथ लेवल अधिकारी अपने ऐप में “Call Request” सेक्शन के अंतर्गत “Contacted” बटन पर क्लिक कर स्टेटस अपडेट करेगा। यह नई व्यवस्था पारदर्शिता और त्वरित सेवा वितरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ज़िला चुनाव अधिकारी कोमल मित्तल ने जिले के मतदाताओं से अपील की कि वे भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी वोटर सर्विस पोर्टल और आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का अधिक से अधिक उपयोग करें, ताकि उन्हें आयोग की गतिविधियों और दिशानिर्देशों की ताज़ा जानकारी समय-समय पर मिलती रहे।
Top Tags