पंचकूला, 12 मार्च उपायुक्त एवं मुख्य जिला जनगणना अधिकारी सतपाल शर्मा ने जनगणना-2027 को डिजिटल मोड में सफलतापूर्वक पूरा करवाने के उद्देश्य से आज सैक्टर-1 स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में तहसीलदारों व शहरी निकायों के अधिकारियों की दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ किया।
उपायुक्त सतपाल शर्मा ने अधिकारियों को गंभीरता से जनगणना-2027 का प्रशिक्षण लेने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पहली बार जनगणना में डिजिटल उपकरणों का उपयोग किया जाएगा इसलिए सभी अधिकारी तकनीकी पहलुओं की जानकारी गंभीरता से लें। उन्होने कहा कि तहसीलदार व नगर निकायों के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में जनगणना कार्य से जुड़े कर्मचारियों को समय रहते प्रशिक्षित करें और यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक अधिकारी व कर्मचारी डिजिटल एप्लिकेशन तथा निर्धारित प्रक्रिया से भली-भांति परिचित हो। उन्होने बताया कि जनगणना में पहली बार स्वगणना की शुरूआत भी की जाएगी, आजादी के बाद जनगणना-2027 आठवीं जनगणना होगी।
उन्होने बताया कि जनगणना का उल्लेख संविधान में 32 बार किया गया है। सभी अधिकारी गंभीरता से प्रशिक्षण लेकर जनगणना के कार्य को सफलतापूर्वक अपने-अपने क्षेत्रों में पूरा करवाएं। उन्होने बताया कि जनगणना दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहला चरण मकान सूचिकरण यानि की मकान जनगणना, दूसरा चरण जनसंख्या गणना।
उन्होने बताया कि 19 से 21 मार्च तक जिला स्तर पर फील्ड ट्रेनर्स की वर्कशॉप आयोजित की जाएगी। जिसमें मास्टर ट्रेनर द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि 24 मार्च को चार्ज आफिसर की ट्रेनिंग वर्कशॉप आयोजित की जाएगी।
Top Tags