दिल्ली को अब मिलेगा अपना तीसरा रिंग रोड,PM मोदी 17अगस्त को दिखायेगें हरी झंडी

 दिल्ली को  अब मिलेगा अपना तीसरा रिंग रोड

PM मोदी 17 अगस्त को दिखायेगें हरी झंडी.. दो नए एक्सप्रेस-वे बदलेंगे दिल्ली-NCR का नक्शा

 

17 अगस्त का दिन दिल्ली-एनसीआर के लिए सिर्फ एक तारीख नहीं, बल्कि भविष्य की नई तस्वीर लिखने वाला दिन है. इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो ऐसे विशाल हाईवे राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जो न सिर्फ ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने में इतिहास बना देंगे, बल्कि पूरे रीजन की अर्थव्यवस्था और रियल एस्टेट मार्केट में एक नई जान फूंक देंगे. दिल्ली में यशोभूमि के पास नए रिंग रोड के रूप में विकसित अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 और द्वारका एक्सप्रेसवे बनकर तैयार हो चुके हैं. इनका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 अगस्त को दिल्ली के रोहिणी से करेंगे. इन दोनों एक्सप्रेसवे के शुरू होने का सबसे बड़ा फायदा गुरुग्राम को मिलेगा. गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे टोल से 10 मिनट से भी कम समय में एयरपोर्ट टर्मिनल-3 पर पहुंच सकेंगे. इसके अलावा यूईआर-2 के द्वारा एक घंटे से भी कम समय में सोनीपत और एनएच 44 दिल्ली पानीपत हाईवे पर पहुंच सकेंगे. द्वारका एक्सप्रेसवे के शुरू होने से दिल्ली और गुरुग्राम के बीच यात्रा का समय केवल 20-25 मिनट रह जाएगा. यह एक्सप्रेसवे गुरुग्राम के 35 से अधिक सेक्टरों और 50 से ज्यादा गांवों को सीधा लाभ पहुंचाएगा.

इसके साथ ही हरियाणा के 8 जिलों को फायदा मिलेगा जिनमें गुरुग्राम के अलावा सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, रोहतक और जींद जैसे शहरों की कनेक्टिविटी में सुधार होगा। यह परियोजना ट्रैफिक जाम को कम करने, ईंधन की खपत को घटाने और क्षेत्रीय व्यापार को बढ़ावा देने में भी सहायक होगी.

आपको बतादें यह अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 को दिल्ली का तीसरा रिंग रोड भी कहा जा रहा है. यह 75.71 किलोमीटर लंबा है. इसकी लागत 7,716 करोड़ रुपए है. यह परियोजना दिल्ली पानीपत हाईवे नंबर 44 से अलीपुर के पास से शुरू होकर नांगलोई-नजफगढ़ रोड होते हुए द्वारका के सेक्टर 24 तक है. यह रोड दिल्ली-रोहतक हाईवे, सोनीपत-गोहाना हाईवे और गुरुग्राम-सोहना हाईवे को जोड़ती है, जिससे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे तक सीधा कनेक्शन मिलेगा. यूईआर-2 एक 6-लेन रोड है, जिसमें कई स्थानों पर एलिवेटेड सेक्शन और अंडरपास शामिल हैं. यह दिल्ली-रोहतक हाईवे (मुंडका), सोनीपत हाईवे (बवाना) और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ा गया है. यह रोड दिल्ली के भीतरी क्षेत्रों में ट्रैफिक के दबाव को कम करेगी. एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि इस एक्सप्रेसवे के बनने से प्रॉपर्टी की कीमतें अगले 2-3 साल में 40% तक बढ़ सकती हैं.