रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर आज उत्तराखंड पहुंचे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर तीनों नेताओं का स्वागत किया। रक्षा मंत्री, यूपी सीएम और केंद्रीय मंत्री हरिद्वार स्थित सप्तऋषि मैदान में आयोजित त्रिदिवसीय गुरुदेव समाधि मंदिर मूर्ति स्थापना महोत्सव में शामिल होने पहुंचे हैं ।
महोत्सव में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, केंद्रीय मंत्री मोहनलाल खट्टर सहित कई अतिथि शामिल हुए। श्रीविग्रह मूर्ति स्थापना के बाद आयोजन स्थल पर धर्म सभा शुरू हुई।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत माता मंदिर के संस्थापक ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज की समाधि स्थली पर उनकी भव्य श्रीविग्रह मूर्ति स्थापना की गई है। उन्हें भी इस कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला। स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज सनातन के ध्वज वाहक थे। उन्होने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि मुझे इस कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला है। आज जो विकास गाथा है वह नए भारत की है। भारत कोई जमीन का टुकड़ा नहीं है, यह ऋषियों की तपस्या, किसानों के श्रम से बना है।
सीएम योगी ने कहा कि जहां धर्म है वही विजय है धर्म कभी कमजोर नहीं होता। धर्म को कमजोर करने का षड्यंत होता है। उन्होंने कहा कि न कर्फ्यू न दंगा यूपी में है सब चंगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक निजी समारोह में शामिल होने के लिए अपने गांव पंचूर जाएंगे। जनता इंटर कॉलेज यमकेश्वर में नवनिर्मित कक्षा कक्षों के लोकार्पण समारोह में भी शामिल होंगे।
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री मोहनलाल खट्टर ने कहा कि यह आयोजन राष्ट्र भक्ति ओतप्रोत से भरा हुआ है। इस संत महात्माओं के सामने कुछ बोलना सूर्य को दीपक दिखाना जैसे है।
Top Tags