DC सतपाल शर्मा ने अधिकारियों को सड़कों का निरीक्षण करने के दिए निर्देश

पंचकूला, 13 फरवरी- उपायुक्त सतपाल शर्मा ने लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर, सीपी ग्राम, जनसंवाद, सीएम विंडो, एसएमजीटी, रि-ओपन व लंबित शिकायतों की समीक्षा व उन पर विस्तार से चर्चा की। उन्होने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का बिना विंलब किए व गंभीरता से समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।

सतपाल शर्मा ने सभी अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि जिलावासियों की समस्याओं का समाधान करने में लापरवाही की गुंजाईश नही है। उन्होने कहा कि हम सभी का नैतिक कर्तव्य लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर हो।

उन्होने पीएमडीए, नगर निगम, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण,एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में टूटी हुई का सडकों का मुआयना कर 5 दिनों में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होने बडे बडे गढढे तुरंत प्रभाव से भरे जाने के निर्देश दिए ताकि जिले के लोगों को आवागमन में कोई परेशानी न हो।

उपायुक्त ने समाधान शिविर, सीपी ग्राम, जनसंवाद, सीएम विंडो, एसएमजीटी की लंबित शिकायतों पर विस्तार से बात की और निर्देश दिए। उन्होने कहा कि समाधान शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या का जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि जिलावासी अपनी समस्या के समाधान के लिए परेशान न हों। इस कार्य में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नही किया जाएगा।