मोहाली, 10 मार्च: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित की जा रही गतिविधियों के क्रम में, उपायुक्त-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी कोमल मित्तल ने आज जिला प्रशासनिक परिसर, मोहाली में “सेल्यूटिंग विमेन स्ट्रेंथ इन डेमोक्रेसी” थीम के अंतर्गत जिले की उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बूथ लेवल अधिकारियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने सम्मानित बी एल ओ को बधाई देते हुए कहा कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के अंतर्गत उन्हें सौंपा गया कार्य काफी चुनौतीपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बी एल ओ वर्ष 2003 के डाटा के साथ वर्तमान मतदाता सूचियों का मिलान करने के लिए लगातार मेहनत कर रही हैं। उन्होंने बताया कि जिन बूथ लेवल अधिकारियों ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के तहत 93 प्रतिशत या उससे अधिक प्रगति हासिल की है, उन्हें उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब श्रीमती अनिंदिता मित्रा द्वारा की गई यह पहल बूथ लेवल अधिकारियों के मनोबल को बढ़ाने और उनके सराहनीय कार्य को सम्मानित करने के उद्देश्य से की गई है।
उपायुक्त ने इस अवसर पर सम्मानित बी एल ओ के साथ बातचीत भी की और उनसे कार्य की प्रगति से जुड़े उनके अनुभवों के बारे में जाना। उन्होंने उन्हें अपने अनुभव अन्य बी एल ओ के साथ साझा करने के लिए भी प्रेरित किया ताकि वे भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित हों।
इस अवसर पर सम्मानित की गई बी एल ओ में अनु जिंदल, सोहनजीत कौर, इंदरजीत कौर, दीपिंदरजीत कौर, पूनम और रूपिंदर कौर शामिल हैं। इस मौके पर चुनाव तहसीलदार संजय कुमार तथा जिला चुनाव कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित थे।
Top Tags