चंडीगढ़, 16 दिसंबर — हरियाणा के सहकारिता, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने देश में 150 नई चीनी मिलें स्थापित करने का लक्ष्य रखा है। इसी दिशा में हरियाणा के नारायणगढ़ में सहकारी चीनी मिल स्थापित करने की प्रक्रिया चल रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गन्ना फसल का मूल्य 415 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया है। हरियाणा आज अन्य राज्यों की तुलना में गन्ना भुगतान एवं सुविधाओं के मामले में अग्रणी राज्य है।
डॉ. अरविंद शर्मा ने मंगलवार को महम सहकारी चीनी मिल के 36वें पेराई सत्र 2025-26 का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों के प्रति सदैव संवेदनशील प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत हाल ही में किसानों को 9 करोड़ 18 लाख रुपए की किस्त जारी की गई है। सरकार किसान कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि वर्ष 2047 तक देश को विकसित भारत बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति में सहकारिता क्षेत्र की अहम भूमिका रहेगी। प्रदेश की कई चीनी मिलों का विस्तार किया गया है। चीनी मिलें किसानों के संघर्ष और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। चीनी मिल उद्योग आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
उन्होंने इस अवसर पर उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसान गन्ना क्षेत्र में वृद्धि करें और अधिक संख्या में चीनी मिल से जुड़ें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार किसानों के हितों का पूरा ध्यान रख रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि वर्तमान पेराई सत्र में गन्ने की फसल का भुगतान समय पर किया जाएगा। सरकार गन्ने की कटाई से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए भी प्रयासरत है।
Top Tags