CM योगी का गोरखपुर दौरा: गीडा में 6139 करोड़ निवेश का शुभारंभ

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अपने दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे, आज उनकी कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शिरकत तय है। सुबह सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में सबसे पहले पूजा-अर्चना की और गौसेवा कर अपने कार्यक्रमों की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।

गीडा स्थापना दिवस समारोह में होंगे शामिल

मुख्यमंत्री आज गीडा के 36वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री योगी लगभग 6139 करोड़ रुपये के निवेश के मार्ग को हरी झंडी दिखाएंगे, जिससे क्षेत्र में उद्योगों का विस्तार और हजारों रोजगार पैदा होने की उम्मीद है। इस अवसर पर 115 निवेशकों को भूमि आवंटन पत्र दिए जाएंगे और 408 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास होगा। मुख्यमंत्री गीडा में 3 दिवसीय ट्रेड शो का भी उद्घाटन करेंगे, जिसमें स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा और युवाओं को कौशल विकास प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे।

जिस गोरखपुर में पूंजीपति औद्योगिक निवेश करने से घबराते थे, वहां अब देश के बड़े-बड़े व्यापारिक घराने अपनी यूनिट लगाने के लिए आ रहे हैं. गोरखपुर इंडस्ट्रीयल डेवलपमेंट अथॉरिटी (Gida) की बढ़ती सुविधाओं के बाद कंपनियों ने प्रोजेक्ट लगाने की ओर कदम बढ़ा दिया है.

408 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री 408 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास  करेंगे। इसके साथ ही यूपी स्टेट ट्रेड शो का उद्घाटन कर वे प्रदेश में व्यापार और उद्योग को बढ़ावा देने का संदेश देंगे।

बतादें गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण उद्योगों की स्थापना के साथ कई बड़े औद्योगिक घरानों को यहां प्लांट लगाने के लिए आकर्षित कर रहा है. फिलहाल यहां रिलायंस, अडानी, पेप्सी, कोका कोला, गैलेंट जैसे बड़े औद्योगिक समूहों ने निवेश किया है.