CM योगी ने बच्चों को लिखा ‘योगी की पाती’ नाम का पत्र

चाइनीज मांझे से लगातार होने वाली मौतों ने सबको हैरान कर दिया है लगातार इसका कहर जारी है। वही कुछ दिनों पहले यूपी में चाइनीज मांझे से एक युवक की मौत हो गई थी जिसके बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यणंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा  अब ऐसी घटना होने पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाएगा. इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों के इसके खिलाफ कदम उठाने को कहा. अब सीएम योगी ने बच्चों के नाम पत्र लिखकर चाइनीज मांझे से दूरी बनाने की बात कही है। इसके साथ ही उन्होंने बच्चों को कई अन्य बातें भी बताई हैं, जिन्हें अपनाकर बच्चे अपना भविष्य बेहतर बना सकते हैं।

‘योगी की पाती’

योगी आदित्यनाथ ने यूपी के सभी बच्चों के लिए पत्र लिखा है। इसे ‘योगी की पाती’ नाम दिया गया है। इस पत्र में उन्होंने चाइनीज मांझे और मोबाइल के प्रति बच्चों की लत पर चिंता जाहिर की है। चाइनीज मांझे का इस्तेमाल बेहद खतरनाक है. यह मांझा न केवल पक्षियों के लिए घातक साबित होता है, बल्कि लोगों की जान भी ले सकता है. उन्होंने लिखा कि पतंग से प्रेम ठीक है, लेकिन चाइनीज मांझे से दूरी बनाएं। सीएम योगी ने बताया यूपी सरकार पूरे उत्तर प्रदेश में चाइनीज मांझे के खिलाफ अभियान चला रही है। इस अभियान में बच्चे भी सहयोग कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अगर आपको कहीं भी चाइनीज मांझा बिकता दिखे तो परिजनों के जरिए पुलिस को सूचना दें।

“मोबाइल बच्चों का कीमती समय चुरा लेता है”

इसके साथ ही पत्र में सीएम योगी ने मोबाइल फोन और सोशल मीडिया की बढ़ती लत पर गहरी चिंता जताई. उन्होंने लिखा कि मोबाइल बच्चों का कीमती समय चुरा लेता है. गेम खेलना और रील्स देखना कई घंटों तक जारी रहता है, जिससे आंखें कमजोर होती हैं, एकाग्रता भंग होती है और शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित होता है. मुख्यमंत्री ने सलाह दी कि मोबाइल की जगह बच्चों को किताबों से दोस्ती करनी चाहिए. परिवार के साथ समय बिताना, खेलना और पढ़ाई पर ध्यान देना ज्यादा फायदेमंद है.