CM योगी ने आगरा में छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रहालय निर्माण की समीक्षा की

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को संस्कृति विभाग की समीक्षा बैठक में आगरा में छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रहालय के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की और कहा कि यह संग्रहालय भारत के स्वाभिमान, सांस्कृतिक वैभव और वीरता का प्रेरणास्रोत बनेगा।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को संस्कृति विभाग की समीक्षा बैठक में राजधानी लखनऊ में प्रस्तावित नौसेना शौर्य संग्रहालय की कार्य योजना का अवलोकन करते हुए इसके शीघ्र निर्माण के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय भारतीय नौसेना की अदम्य शौर्य गाथाओं और हिन्द महासागर क्षेत्र में भारत की सामुद्रिक क्षमता का जीवंत प्रतीक बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समुद्र भारत की सभ्यता का मंथन स्थल रहा है, और भारतीय नौसेना उस गौरवशाली परंपरा की आधुनिक अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि लखनऊ का यह संग्रहालय उसी परंपरा को जन-जन तक पहुँचाने का माध्यम बनेगा।

इस संबंध में उन्होंने कहा कि संग्रहालय भारतीय नौसेना के शौर्य के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संग्रहालय को केवल देखने योग्य नहीं बल्कि ‘अनुभव का केंद्र’ बनाया जाए, जहाँ दर्शक इतिहास को महसूस कर सकें।

उन्होंने निर्देश दिए कि नौसेना संग्रहालय में छत्रपति शिवाजी महाराज के बारे में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में बताया गया कि संग्रहालय परिसर में 7डी थिएटर, विमानवाहक लैंडिंग सिमुलेटर, युद्धक सिमुलेटर, द्वारका मॉडल, डिजिटल वाटर स्क्रीन शो, समुद्री जीवन एक्वेरियम जैसी सहभागितापरक गतिविधियां होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ का यह संग्रहालय भारतीय नौसेना की वीरता का ही नहीं, बल्कि भारत की समुद्री आत्मा का भी प्रतीक बनेगा

और यह उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर एक नयी एवं गौरवपूर्ण पहचान देगा।

परियोजना की निगरानी के लिए महानिदेशक पर्यटन की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई है, जिसमें मेरिटाइम हेरिटेज सोसाइटी, यूपी प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन और नौसेना विशेषज्ञ शामिल हैं.