लखनऊ में किसान सम्मान दिवस पर CM योगी ने ट्रैक्टर सौंपे

आज पूरा देश किसान दिवस मना रहा है। ‘भारत रत्न’ चौधरी चरण सिंह जी की 123वीं जयंती ‘किसान दिवस’ के अवसर पर आज मंगलवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भव्य ‘किसान सम्मान दिवस’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

किसान सम्मान दिवस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों को ट्रैक्टर की चाबी सौंपते हुए उनकी मेहनत को नमन किया। उन्होंने कहा कि किसान की ऊर्जा से धरती सोना उगलती है। सरकार की योजनाओं से यूपी का किसान समृद्धि की ओर अग्रसर है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने, उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़ने और कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरी झंडी दिखाकर 25 ट्रैक्टरों को रवाना किया । मुख्यमंत्री ने कहा कि चौधरी चरण सिंह का संपूर्ण जीवन किसानों के अधिकार, सम्मान और ग्रामीण विकास के लिए समर्पित रहा। उनकी सोच और नीतियां आज भी देश की कृषि व्यवस्था के लिए मार्गदर्शक हैं। वहीं कार्यक्रम में विभिन्न फसलों के उत्कृष्ट उत्पादन के लिए किसानों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने सभी को एक-एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि, प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र भेंट किए।