“विद्या भारती खेल समारोह में सीएम योगी का ऐलान – झांसी में बनेगा मिनी स्टेडियम”

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज झांसी के विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित 36वें क्षेत्रीय खेलकूद समारोह में पहुंचे ।

सीएम योगी ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि “स्वस्थ शरीर ही धर्म और राष्ट्र निर्माण का आधार है”।

उन्होने झांसी की ऐतिहासिक धरती से प्रदेश के खिलाड़ियों को आत्मनिर्भरता और सफलता का मंत्र दिया।इस अवसर पर उन्होंने भानी देवी गोयल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में मिनी स्टेडियम निर्माण की घोषणा की और कहा कि खेल अब केवल शौक नहीं, बल्कि जीवन को संवारने का सशक्त माध्यम बन चुका है।

 

 

बुंदेली राई नृत्य की प्रस्तुति ने दर्शकों का मोहा मन

 

इस समारोह में सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिला। बुंदेली राई नृत्य की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। खेलों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले शीलू यादव, आदेश सिंह, शहंशाह, बसंत कुमार गोला और संध्या राजपूत को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। कार्यक्रम में अनुशासन ट्रॉफी गोरक्ष प्रांत ग्रामीण की टीम को प्रदान की गई, जबकि ओवर ऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी काशी प्रांत नगरीय की टीम ने अपने नाम की।

 

सीएम योगी ने गिनाई विद्या भारती की उपलब्धियां

 

इस अवसर पर सीएम योगी ने विद्या भारती की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि आज यह संस्था भारत की परंपरा और संस्कृति को मजबूत करने वाली अग्रणी शक्ति बन चुकी है।

1952 में गोरखपुर की धरती पर राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख द्वारा बोए गए बीज से आज देशभर में 25,000 से अधिक शिक्षण-प्रशिक्षण संस्थान संचालित हो रहे हैं।

 

 

भानी देवी गोयल सरस्वती विद्या मंदिर के प्रांगण में बनेगा मिनी स्टेडियम

 

 

उन्होंने भानी देवी गोयल सरस्वती विद्या मंदिर के प्रांगण की सराहना करते हुए कहा कि यहां मिनी स्टेडियम बनाया जाएगा, ताकि भविष्य में खेल आयोजनों को और बेहतर ढंग से आयोजित किया जा सके। सीएम योगी ने विद्या भारती के 49 जनपदों से आए 450 प्रतिभागियों के जज्बे की प्रशंसा की

सीएम योगी ने खेल को सर्वांगीण विकास का माध्यम बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए स्वस्थ और सशक्त नागरिक जरूरी है।

‘शरीर माध्यम खलु धर्म साधनम्’ का मंत्र हमारे ऋषियों ने दिया। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य था, लेकिन पिछले 8.5 वर्षों में यह देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है और जल्द ही नंबर एक बनेगा।

 

 

खेल आत्मनिर्भरता और प्रेरणा का माध्यम बन चुके हैं- CM

 

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब खेल को समय और धन का अपव्यय नहीं समझा जाना चाहिए।

आज खेल आत्मनिर्भरता और प्रेरणा का माध्यम बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी चाहे पदक जीते या न जीते, उसका जज्बा ही उसे आगे सफलता की ओर ले जाता है।