मेवात की शौर्यभूमि से गूंजा विकास का शंखनाद, तावडू में सीएम सैनी का बड़ा ऐलान

चंडीगढ़,15 फरवरी- मुख्यमंत्री सैनी रविवार को सोहना विधानसभा के तावडू की अनाज मंडी में विकसित सोहना-तावडू विकास रैली को संबोधित करते हुए कहा अरावली की गोद में बसा तावडू क्षेत्र अपने मेहनती, स्वाभिमानी और संघर्षशील लोगों के लिए पूरे प्रदेश में जाना जाता है। मेवात की धरती ने सदैव साहस, बलिदान और स्वाभिमान की परंपरा को आगे बढ़ाया है। सन् 1857 की आजादी की प्रथम लड़ाई से लेकर आजादी मिलने तक के संघर्ष में यहां के लोगों ने जो भूमिका निभाई, वह इतिहास के पन्नों पर स्वर्ण अक्षरों में अंकित है।

उन्होंने इस दौरान उपस्थित जनसमूह को महाशिवरात्रि के पावन पर्व की बधाई भी दी और कहा कि यह पावन पर्व है हमें लॉर्ड शिवा के दर्शन करने, उनके जीवन दर्शन से जुड़ने का एक अवसर प्रदान करता है। महाशिवरात्रि हमें यह सिखाती है कि जब जीवन में अंधकार बढ़े तब आत्म चिंतन का दीप जलाओ। उन्होंने कहा कि यह शिवरात्रि सभी के जीवन में स्वास्थ्य, शांति, साहस और सफलता प्रदान करे, साथ ही आपके हर प्रयास में ऊर्जा हो और निर्णय में विवेक हो, हर दिन में आशा का उजाला हो।

मुख्यमंत्री ने इससे पहले 47 करोड़ 36 लाख रुपये लागत की 16 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किए। इनमें 21 करोड़ 77 लाख 25 हजार रुपये लागत के 11 उद्घाटन और 25 करोड़ 58 लाख 58 हजार रुपये की लागत के 5 शिलान्यास शामिल हैं।