चंडीगढ़, 11 मार्च : पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण (पीएमडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के. मकरंद पांडुरंग ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सेक्टर-5 स्थित टाउन पार्क में 13 से 15 मार्च तक आयोजित होने वाले वसंत उत्सव-2026 की तैयारियों की समीक्षा के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उपायुक्त सतपाल शर्मा भी उपस्थित रहे।
सीईओ के. मकरंद पांडुरंग ने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 13 मार्च को मुख्य अतिथि के रूप में वसंत उत्सव-2026 का शुभारंभ करेंगे, जबकि 15 मार्च को समापन समारोह में हरियाणा के मुख्य सचिव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
बैठक के दौरान उन्होंने बताया कि तीनों दिन विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए उत्सव का सफल आयोजन किया जाए। पीएमडीए की ओर से अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी को इस तीन दिवसीय उत्सव का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सीईओ के. मकरंद पांडुरंग ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण और नगर निगम को कार्यक्रम स्थल तथा आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम को उत्सव के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने को कहा गया। जनस्वास्थ्य अभियंत्रिकी विभाग और नगर निगम पंचकूला को पर्याप्त संख्या में मोबाइल शौचालय उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
उपायुक्त सतपाल शर्मा ने जिला सचिवालय के सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन के सहयोग से वसंत उत्सव का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा और इसके लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
Top Tags