मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरियाणा के हिसार जिले के उपमंडल हांसी के विकास रैली में पहुंचे इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। रैली की शुरुआत वंदे मातरम् गीत से हुई, रैली में मुख्यमंत्री सैनी ने तीन महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया, जिनकी कुल लागत 77 करोड़ रुपये से अधिक है। इन परियोजनाओं से पानी प्रबंधन और बिजली आपूर्ति में सुधार होगा, जिससे स्थानीय लोगों को काफी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले 61 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से बरवाला ब्रांच से हांसी शहर के लिए पानी प्रबंधन परियोजना का शिलान्यास किया।
यह परियोजना हांसी शहर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति को मजबूत करेगी। इसके अलावा, ढंढेरी गांव में 7.42 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित 33 केवी बिजली सब स्टेशन का उद्घाटन किया गया। इसी तरह, लोहारी राघो गांव में 8 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से बने 33 केवी क्षमता वाले बिजली सब स्टेशन का भी उद्घाटन हुआ। रैली में प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया, प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली, विधानसभा स्पीकर कृष्ण लाल मिड्ढा के साथ कई वरिष्ठ नेता और विधायक मौजूद है।
Top Tags