CM मान का दक्षिण कोरिया दौरा: पंजाब में निवेश के अवसर तलाशने पर जोर

पंजाब मुख्यमंत्री भगवंत मान का विदेश दौरा जारी है। जापान की राजधानी टोक्यो और ओसाका शहर के बाद सीएम भगवंत मान अब दक्षिण कोरिया पहुंचे हैं। उन्होंने पंजाब को दुनिया के सबसे पसंदीदा स्थान के रुप में प्रस्तुत किया वही साउथ कोरिया में पंजाबियों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी  से स्वागत किया। बतादें मुख्यमंत्री मान ने दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल की नामी कंपनी देवू इंजीनियरिंग एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड के चीफ जंग वोन जू संग बैठक की है। इस दौरान पंजाब सीएम ने निवेश प्लान को साझा करते हुए कंपनी को सूबे में संभावना तलाशने की बात कही है।

सोमवार को होगी कई उच्च-स्तरीय बैठकें

सोमवार को पंजाब का प्रतिनिधिमंडल कई उच्च-स्तरीय बैठकों में हिस्सा लेगा। जिसकी शुरुआत प्रमुख कोरियाई कंपनियों देवू ई एंड सी, जीएस ई एंड सी तथा नोंगशिम के साथ बैठक से होगी, जिसमें निर्माण इंजीनियरिंग, आधारभूत ढांचा विकास और उन्नत फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में अवसरों की खोज की जाएगी। इसके बाद मुख्यमंत्री पंजाब प्रांत में कारोबार करने की सुगमता विषय पर गोलमेज बैठक में हिस्सा लेंगे, जिसमें प्रमुख कानूनी फर्में, वित्तीय निवेशक, सलाहकार समूह और व्यापारिक संगठन शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कंपनी चीफ जंग वोन जू को 2026 में आयोजित होने वाले छठे प्रगतिशील “पंजाब निवेश शिखर सम्मेलन”  में भाग लेने के लिए भी आमंत्रित किया है। दावा किया जा रहा है कि अगर देवू इंजीनियरिंग एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी पंजाब में निवेश करती है, तो युवाओं का भविष्य चमकेगा और रोजगार के तमाम नए अवसरों का सृजन हो सकेगा।

इसके साथ ही CM भगवंत मान ने ही बताया है कि कंपनी के चीफ 2026 में आयोजित होने वाले छठे प्रगतिशील पंजाब निवेशक शिखर सम्मेलन में भाग लेने पर सहमत हैं। इससे सूबे में निवेश को रफ्तार मिलने के आसार हैं।

दक्षिण कोरिया की अपनी यात्रा के दौरान सियोल में पंजाबी समुदाय के साथ विचार-विमर्श कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की उद्योग-हितैषी नीतियों के कारण निवेशक पहले से ही पंजाब में निवेश के लिए आगे आ रहे हैं और सियोल के पंजाबियों को प्रदेश का ब्रांड एम्बेसडर बनकर निवेश आकर्षित करने में और मदद करनी चाहिए। CM भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाबी जन्मजात उद्यमी हैं और हममें से हर एक को प्रदेश को औद्योगिक विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाने के लिए प्रयास करने चाहिए।