CM मान ने जापान दौरे में TSF के साथ 400 करोड़ का निवेश समझौता किया

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के जापान दौरे का आज तीसरा दिन है, आज भी मुख्यमंत्री मान का विभिन्न उद्योगपतियों से बैठकों का सिलसिला जारी रहेगा। मुख्यमंत्री मान उद्योगमंत्री संजीव अरोड़ा और इन्वेस्ट पंजाब की टीम के साथ जापान दौरे पर हैं। टोकाई सिटी में मुख्यमंत्री मान एआईची स्टील्स के चेयरमैन फूजिओका ताकाहिरो और हैगैन कंपनी के प्रेसिडेंट आईटीओ तोशिओ के साथ उच्च-स्तरीय बैठक करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री मान ओसाका में यानमार होल्डिंग कंपनी के के ग्लोबल CEO और शीर्ष प्रबंधन के साथ इंडस्ट्री विजिट करेंगे। शाम को मुख्यमंत्री मान ओसाका में कौंसूल ऑफ इंडिया से मुलाकात करेंगे। टोक्यो से ओसाका तक मुख्यमंत्री मान बुलेट ट्रेन में सफर करेंगे।

 

वही पंजाब के औद्योगिक विकास को नई गति देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के जापान दौरे के दूसरे दिन राज्य सरकार और जापान की प्रतिष्ठित कंपनी टोपन स्पेशलिटी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड (TSF) के बीच एक महत्वपूर्ण MoU साइन हुआ। इस करार के तहत कंपनी पंजाब में लगभग 400 करोड़ रुपये का निवेश कर अपनी मौजूदा उत्पादन इकाई का विस्तार करेगी।

मुख्यमंत्री मान ने जानकारी देते हुए कहा कि इस समझौते का सबसे अहम हिस्सा स्किल डेवलपमेंट को लेकर की गई साझेदारी है। TSF और इन्वेस्ट पंजाब मिलकर राज्य में एक स्किल एक्सीलेंस सेंटर स्थापित करेंगे, जहां युवाओं, वर्कर्स और टेक्निकल स्टाफ को उन्नत और इंडस्ट्री-ओरिएंटेड ट्रेनिंग दी जाएगी।

इसको लेकर CM ने बताया कि यह सेंटर न सिर्फ मौजूदा बल्कि उभरते सेक्टर्स की जरूरतों के अनुसार प्रशिक्षण प्रदान करेगा, बल्कि पंजाब के युवाओं को सीधे रोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसर मिलेंगे। इस समझौते के तहत कंपनी अपनी मौजूदा निर्माण सुविधा का 400 करोड़ रुपये से विस्तार करेगी. इससे उत्पादन क्षमता बढ़ेगी, नए रोजगार बनेंगे और पंजाब में दीर्घकालिक औद्योगिक उपस्थिति मजबूत होगी.