भगवंत मान सरकार ने “मुख्यमंत्री सेहत योजना” में नामांकन प्रक्रिया आसान की

चंडीगढ़: 24 फरवरी: भगंवत मान  के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने अपनी प्रमुख योजना मुख्यमंत्री सेहत योजना (MMSY) में नामांकन से जुड़ी प्रशासनिक जटिलताओं को समाप्त कर दिया है। अब राज्य भर के कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर केवल आधार कार्ड और पंजाब वोटर आईडी के माध्यम से तुरंत पंजीकरण किया जा सकेगा।

उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह ने यह घोषणा की। उन्होंने साथ ही ग्राम स्तरीय उद्यमियों (VLEs) के लिए प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन योजना भी शुरू की। उन्होंने कहा कि जो VLE पंजीकरण अभियान को तेज़ी से आगे बढ़ाएंगे, उन्हें पंजाब सरकार में प्राथमिकता के आधार पर रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे।

डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि पंजाब का कोई भी निवासी, जिसके पास आधार कार्ड और पंजाब वोटर आईडी कार्ड है, वह किसी भी कॉमन सर्विस सेंटर या नामांकन शिविर में जाकर आसानी से योजना में पंजीकरण करा सकता है।

“स्वास्थ्य सेवा एक अधिकार है, विशेषाधिकार नहीं। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि किसी भी परिवार को इलाज के खर्च के कारण गरीबी रेखा से नीचे न जाना पड़े। केवल दो दस्तावेजों से पंजीकरण की सुविधा देकर सरकार ने नागरिकों और मुफ्त स्वास्थ्य सेवा के अधिकार के बीच की हर बाधा को दूर कर दिया है।”