चंडीगढ़, 4 मार्च: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। वर्तमान अध्यक्ष जे. पी. नड्डा का कार्यकाल समाप्त होने के बाद अब नए चेहरे की तलाश जारी है। माना जा रहा है कि मार्च के मध्य तक नए अध्यक्ष की घोषणा हो सकती है।
दक्षिण भारत से अध्यक्ष बनने की संभावना
सूत्रों के मुताबिक, इस बार पार्टी दक्षिण भारत से किसी नेता को अध्यक्ष बना सकती है। इससे पार्टी को दक्षिणी राज्यों में अपने आधार को मजबूत करने में मदद मिलेगी। संभावित उम्मीदवारों में आंध्र प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दग्गुबाती पुरंदेश्वरी और भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनती श्रीनिवासन का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है।
अन्य संभावित दावेदार
इसके अलावा शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्टर, और धर्मेंद्र प्रधान भी इस दौड़ में शामिल हैं। हालांकि, अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कब होगा ऐलान?
भाजपा के संविधान के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव तब तक नहीं हो सकता जब तक देश के कम से कम आधे राज्यों में संगठनात्मक चुनाव पूरे न हो जाएं। अब तक कई राज्यों में यह प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, इसलिए मार्च के मध्य तक घोषणा संभव है।
अब सभी की नजरें पार्टी की आगामी बैठक पर हैं, जहां नए अध्यक्ष के नाम पर अंतिम मुहर लग सकती है।