चंडीगढ़, 20 फरवरी। जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा है कि भाजपा सरकार प्रदेश के युवाओं के रोजगार और बुजुर्गों के सम्मान का हक मारने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार कभी सरकारी भर्तियों में गड़बड़ी तो कभी बुढ़ापा पेंशन में कटौती करके युवाओं और बुजुर्गों के साथ अन्याय कर रही है, जिसे जेजेपी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।
दिग्विजय ने कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जेजेपी युवाओं को एकजुट कर रही है और बीजेपी के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ी जाएगी। वे शुक्रवार को अंबाला में जेजेपी द्वारा आयोजित युवा योद्धा सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। दिग्विजय ने युवाओं से आह्वान किया कि सभी 13 मार्च को जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला के जन्मदिन पर हांसी जिले में होने वाले प्रदेश स्तरीय सर्व हरियाणा जन चेतना दिवस कार्यक्रम में शामिल होकर भाजपा सरकार के खिलाफ हुंकार भरे।
Top Tags