बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच आसमान में दोस्ती शुरु

बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच रिश्तों में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. लंबे समय बाद दोनों देशों के बीच सीधी हवाई सेवाएं दोबारा शुरू होने जा रही हैं,अब दोनो देशों के बीच एक बार फिर से प्यार उमड़ रहा है।

पाकिस्तान की मंजूरी के बाद शुरू हुई उड़ान

बांग्लादेश की राष्ट्रीय एयरलाइन बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस, 29 जनवरी से ढाका और पाकिस्तान के सबसे बड़े शहर कराची के बीच सीधी उड़ानें फिर से शुरू करेगी. यह कदम दोनों देशों के बीच एक दशक से अधिक समय के बाद सीधी हवाई कनेक्टिविटी को बहाल करेगा. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ढाका और कराची के बीच सीधी उड़ानें 29 जनवरी से शुरू होंगी. शुरुआती चरण में ये फ्लाइट्स हफ्ते में दो दिन गुरुवार और शनिवार संचालित की जाएंगी. ढाका से विमान रात 8 बजे उड़ान भरेगा और कराची रात 11 बजे पहुंचेगा. वहीं वापसी की फ्लाइट कराची से रात 12 बजे रवाना होकर सुबह 4:20 बजे ढाका पहुंचेगी.

फिलहाल इस पर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि ढाका से कराची जाने वाली फ्लाइट भारत के हवाई क्षेत्र का उपयोग करेगी या नहीं. सबसे छोटा रास्ता भारत के ऊपर से होकर जाता है, लेकिन इसके लिए नई दिल्ली से ओवरफ्लाइट की अनुमति जरूरी होगी.

पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच फ्लाइट सेवाओं के संचालन की यह घोषणा पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार की ढाका यात्रा के दौरान की गई थी।