मोहाली में IPL मैचों को लेकर प्रशासन अलर्ट

मोहाली, 19 मार्च: आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मैचों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी के तहत ADC मोहाली में अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल) गीति‍का सिंह की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, मुल्लांपुर (न्यू चंडीगढ़) में होने वाले IPL मैचों की तैयारियों की समीक्षा की गई। जानकारी के अनुसार, यह मैच 31 मार्च और 11 अप्रैल 2026 को आयोजित होंगे।

अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि मैचों के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों के आने की संभावना है, इसलिए पार्किंग, पब्लिक सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना सभी विभागों की जिम्मेदारी है। उन्होंने आयोजकों को स्टेडियम के बाहर पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था करने और पार्किंग स्थलों के पास मोबाइल टॉयलेट लगाने के निर्देश दिए।

सुरक्षा के मद्देनजर फायर विभाग को स्टेडियम में अग्निशमन उपकरणों की जांच करने के निर्देश दिए गए। वहीं GMADA और संबंधित विभागों को स्टेडियम तक जाने वाली सड़कों की मरम्मत और भवन की सुरक्षा जांच सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। प्रशासन ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि मैचों से पहले सभी तैयारियां और जरूरी जांच समय पर पूरी कर ली जाएं और सुरक्षा संबंधी सर्टिफिकेट भी समय रहते जमा करवाए जाएं।

बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी और Punjab Kings टीम के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।