प्रेग्नेंट महिलाओं के लिए जबरदस्त स्कीम आया, अनुप्रिया पटेल ने संसद में बताया

प्रेग्नेंट महिलाओं के लिए भारत सरकार एक जबरदस्त स्कीम चला रही है। महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित प्रसव को सुनिश्चित करने के लिए योजना का नाम है ‘प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान’ (PMSMA)। संसद में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने इस योजना की खूबियों पर विस्तार से चर्चा की।

इस स्कीम के तहत हर गर्भवती महिला का कम से कम एक बार किसी विशेषज्ञ डॉक्टर से चेकअप कराया जाता है। यह सब शिविर के माध्यम से किया जाता है जो हर महीने की 9 तारीख को लगता है। दरअसल, संसद में गर्भवती महिलाओं की सेहत से जुड़े मुद्दे पर एक सवाल पूछा गया। इस सवाल का जवाब देते हुए स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया ने इस शानदार स्कीम के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए और खासतौर से सुरक्षित मातृत्व को सुनिश्चित करने के लिए एनडीए सरकार संकल्पित है।

‘प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान’ का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर गर्भवती महिला का गर्भावस्था के दौरान कम से कम एक बार किसी विशेषज्ञ डॉक्टर (Specialist Doctor) द्वारा चेकअप जरूर हो। समय पर चेकअप होने से गर्भावस्था के दौरान होने वाली जटिलताओं (Complications) का पहले ही पता लगाया जा सकता है और जच्चा-बच्चा दोनों की जान बचाई जा सकती है।