मोहाली को बड़ी सौगात: सनेटा में रूरल हेल्थ ट्रेनिंग सेंटर शुरू

मोहाली , 5 मार्च: मोहाली हलके के लोगों को पंजाब सरकार की ओर से बड़ी सौगात मिली है। सनेटा में स्थापित रूरल हेल्थ ट्रेनिंग सेंटर का आज मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह ने दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि यहां  डॉ. बी.आर. अंबेडकर स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के छात्र डॉक्टर प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे और लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी।

विधायक ने बताया कि सेंटर में ओपीडी सेवाएं शुरू हो चुकी हैं, एक्स-रे मशीन लग चुकी है और डेंटल क्लीनिक भी चालू हो गया है। उन्होंने कहा कि मेडिकल छात्र गांवों में जाकर परिवारों से मिलेंगे, विभिन्न बीमारियों और स्वास्थ्य समस्याओं की जानकारी एकत्र करेंगे और जरूरत पड़ने पर मौके पर ही उपचार भी देंगे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा मोहाली क्षेत्र के लोगों को दी गई यह एक बड़ी सौगात है और लोगों को इसका अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि वे विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम से इलाज करवाने के लिए इस सेंटर का लाभ लें।

पत्रकारों से बातचीत में विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि जब से आम आदमी पार्टी की सरकार सत्ता में आई है, तब से सरकार अपने वादों और गारंटियों को लगातार पूरा कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में 600 यूनिट मुफ्त बिजली की योजना का लाभ 80 प्रतिशत से अधिक परिवारों को मिल रहा है।