पंजाब सरकार की ओर से अमृतसर में 23 सितंबर को एनआरआई मिलनी का आयोजन किया जाएगा। इसमें अमृतसर, गुरदासपुर, पठानकोट और तरनतारन जिलों से जुड़े एनआरआई हिस्सा लेंगे।

स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का मकसद विदेशों में रह रहे पंजाबियों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनके समाधान की कोशिश करना है। इस दौरान एनआरआई अपनी शिकायतें और अन्य मुद्दे अधिकारियों के सामने रख सकेंगे।

सरकार का प्रयास है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। मिलनी के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे, ताकि संभव मामलों में मौके पर ही कार्रवाई शुरू की जा सके।

डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि विदेशों में रहने वाले पंजाबी राज्य से जुड़े हुए हैं और उनके मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है। सरकार एनआरआई समुदाय के साथ सीधे संवाद को बढ़ावा दे रही है।

एनआरआई मिलनी के दौरान जमीन-जायदाद, प्रशासनिक मामलों और अन्य सरकारी विभागों से जुड़े मुद्दों को उठाया जा सकेगा। सरकार ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Related Posts