डेंगू मामलों में 85% कमी, स्वास्थ्य विभाग को मिली बड़ी सफलता

मोहाली, 12 दिसंबर: पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष जिले में डेंगू बुखार के मामलों में लगभग 85 प्रतिशत की कमी आई है। यह उपलब्धि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला निवासियों को इस खतरनाक बीमारी से बचाने के लिए लगातार की गई व्यापक गतिविधियों का परिणाम है। यह जानकारी देते हुए सिविल सर्जन डॉ. संगीता जैन और जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. अनामिका सोनी ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों, नर्सिंग विद्यार्थियों सहित पूरी स्वास्थ्य टीम के संयुक्त प्रयासों से यह संभव हो पाया है।
विवरण साझा करते हुए डॉ. संगीता जैन ने बताया कि पिछले साल दिसंबर तक जिले में डेंगू के 1530 मामले दर्ज हुए थे, जबकि इस बार अब तक केवल 213 मामले दर्ज हुए हैं।
इसी तरह वर्ष 2023 में अब तक 1325 और 2022 में 1831 मामले सामने आए थे।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष डेंगू की जांच भी बढ़ी है। 2024 में 9879 सैंपल टेस्ट किए गए थे, जबकि इस वर्ष अब तक 11212 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।
इसके अलावा इस वर्ष अब तक 6,70,409 घरों एवं अन्य स्थानों का सर्वे किया जा चुका है, जबकि पिछले साल यह संख्या 2,98,098 घरों की थी।
सिविल सर्जन ने बताया कि पंजाब सरकार की मुहिम ‘हर शुक्रवार, डेंगू पर वार’ के तहत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर जाकर की गई जांच और जागरूकता गतिविधियों का भी मामलों में कमी लाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा। इसके साथ ही पंचायत विभाग और नगर निगम के सहयोग से किए गए मच्छर-मार दवाई के छिड़काव का भी अहम रोल रहा।