चंडीगढ़, 1 मार्च – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सतत प्रयासों और पारदर्शिता के प्रति प्रतिबद्धता ने राज्य की विकास यात्रा को नई गति दी है। उनके नेतृत्व में शासन व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और जनहितैषी बनाया गया है। कर प्रशासन में सुधार और डिजिटल पारदर्शिता को बढ़ावा देकर राजस्व संग्रह में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में हरियाणा प्रगति और विश्वास का प्रतीक बनकर उभरा है।
इसी कड़ी में आबकारी एवं कराधान विभाग ने सकल एसजीएसटी संग्रह में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। चालू वित्त वर्ष 2025-26 में हरियाणा का सकल एसजीएसटी संग्रह, भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा जारी नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, पिछले वित्त वर्ष की तुलना में रिकॉर्ड 22% की दर से बढ़ा है।
चालू वित्त वर्ष में हरियाणा का सकल SGST संग्रह (सेटलमेंट के बाद) ₹44,460 करोड़ तक पहुंच गया है, जो पिछले वित्त वर्ष के फरवरी तक के संग्रह से ₹7,918 करोड़ अधिक है। इस प्रकार 22% की वृद्धि दर दर्ज की गई है, जो देश के सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में सर्वाधिक है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सितंबर 2025 में आयोजित जीएसटी परिषद की बैठक में जीएसटी दर युक्तिकरण सुधारों का स्वागत और समर्थन किया था तथा माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण का धन्यवाद किया था।
Top Tags