चंडीगढ़, 16 जुलाई: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज गुरुग्राम जिले में 188 करोड़ रुपए से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर जिले के बुनियादी ढांचे को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया। यह कार्यक्रम गुरुग्राम के लोक निर्माण विश्रामगृह में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक उपस्थित रहे।
पटौदी विधानसभा क्षेत्र: नई और चौड़ी सड़कों का उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले पटौदी विधानसभा क्षेत्र में महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन किया:
-
55.05 करोड़ रुपये की लागत से बनी पचगांव से फर्रुखनगर वाया जमालपुर डबल लेन सड़क
-
13.18 करोड़ रुपये की लागत से हेलीमंडी से फर्रुखनगर वाया मेहचाना सड़क का नवीनीकरण
इन सड़कों से आवागमन सुगम होगा और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।
सोहना विधानसभा क्षेत्र: सड़क, शिलान्यास और गांवों की कनेक्टिविटी
सोहना क्षेत्र को भी कई विकास कार्यों की सौगात मिली:
-
8.23 करोड़ रुपये की लागत से जीए रोड से अलीपुर हरिया हेड़ा मार्ग और रायसीना गांव के मंदिर रोड का उद्घाटन
-
32.63 लाख रुपये की लागत से बीपीडीएस रोड से नुनेरा तक
-
28.26 लाख रुपये से लोह सिंघानी से चमनपुरा रोड का उद्घाटन
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने दो प्रमुख सड़कों का शिलान्यास भी किया:
-
13.34 करोड़ रुपये की लागत से जीए रोड से धुमसपुर वाया नयागांव सड़क
-
16.56 करोड़ रुपये से सोहना-अभयपुर-लोहटकी-खेडला तथा दमदमा से रिठौज मार्ग का जीर्णोद्धार कार्य
गुरुग्राम शहर को मिली जलापूर्ति सुविधा की नई यूनिट
मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) द्वारा 63.18 करोड़ रुपये की लागत से चंदू बुढेड़ा में तैयार की गई 100 MLD क्षमता वाली जल परिशोधन यूनिट-4 का उद्घाटन किया।
-
यह यूनिट सेक्टर 81 से 115 तक के 4.5 लाख से अधिक परिवारों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराएगी।
-
लक्ष्मण विहार, न्यू कॉलोनी, ज्योति पार्क, अर्जुन नगर जैसे क्षेत्रों में 100 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन की दर से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
शिक्षा के क्षेत्र में भी मजबूत पहल
समग्र शिक्षा अभियान के तहत मुख्यमंत्री ने 188 करोड़ रुपये में से 18 करोड़ से अधिक की राशि से बनने वाले पांच नए स्कूल भवनों की आधारशिला रखी:
-
गांव दौलताबाद (बादशाहपुर) – ₹5.03 करोड़
-
गांव धनवापुर – ₹2.39 करोड़
-
सोहना – ₹4.70 करोड़
-
गांव घामड़ोज – ₹3.40 करोड़
-
गांव सिलानी – ₹3.12 करोड़
इन स्कूलों से क्षेत्र के छात्रों को बेहतर बुनियादी ढांचा और शिक्षा के अवसर प्राप्त होंगे।
वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
इस अवसर पर हरियाणा के वन, पर्यावरण एवं उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह, पटौदी विधायक बिमला चौधरी, सोहना विधायक तेजपाल तंवर, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, शहरी विकास के प्रधान सलाहकार डी.एस. ढेसी, जीएमडीए के सीईओ श्यामल मिश्रा और जिलाधिकारी अजय कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
Top Tags