चंडीगढ़, 10 जून: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के बीते 11 वर्षों को भारत के आधुनिक इतिहास का एक स्वर्णिम अध्याय करार दिया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से आज तक का कालखंड केवल सत्ता परिवर्तन की कहानी नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र के नव-निर्माण, आत्मनिर्भरता और विश्व मंच पर भारत की सशक्त उपस्थिति का परिचायक है।
2014 से पहले की स्थिति: निराशा से विश्वास तक की यात्रा
मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि 2014 से पहले देश एक गहरे असंतोष, भय और भ्रष्टाचार की छाया में था। शासन में पारदर्शिता का अभाव था और भाई-भतीजावाद चरम पर था। मोदी सरकार ने न केवल इस पर अंकुश लगाया बल्कि विकास और विश्वास का नया मॉडल स्थापित किया। “मिनिमम गवर्नमेंट, मैक्सिमम गवर्नेंस” के सिद्धांत पर चलते हुए प्रशासनिक प्रक्रियाएं सरल की गईं और आम जन की भागीदारी को बढ़ावा मिला।
विज्ञान, तकनीक और आत्मनिर्भरता की नई ऊँचाइयाँ
प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में भारत ने विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में अप्रत्याशित उपलब्धियां हासिल कीं। चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग, सूर्य के अध्ययन के लिए आदित्य L-1 का प्रक्षेपण और अंतरिक्ष में सैटेलाइट डॉकिंग जैसे कीर्तिमान भारत को उन अग्रणी देशों की श्रेणी में लाते हैं, जिनकी तकनीक पर विश्व आश्रित है। आज भारत उन गिने-चुने देशों में शामिल है जो रक्षा उत्पादों का निर्यात करते हैं।
भारत की अर्थव्यवस्था: 11वें से चौथे पायदान तक का सफर
2014 में दुनिया की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था रहे भारत ने अब चौथा स्थान हासिल कर लिया है। निर्यात, प्रत्यक्ष विदेशी निवेश, रक्षा निर्माण, और डिजिटल ट्रांजेक्शन जैसे क्षेत्रों में भारत ने ऐतिहासिक प्रगति की है। 825 बिलियन डॉलर के निर्यात और 34 गुना बढ़े रक्षा निर्यात इसके ज्वलंत उदाहरण हैं।
ऐतिहासिक निर्णय: संविधान और संस्कृति की रक्षा
जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35-A को हटाना, अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक पर रोक, सर्जिकल स्ट्राइक और CAA जैसे निर्णय मोदी सरकार की निर्णायक नेतृत्व क्षमता का प्रमाण हैं। प्रधानमंत्री ने भारत की अखंडता, संस्कृति और सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए नीतिगत फैसले लिए।
कोविड-19 और वैक्सीनेशन: भारत बना फार्मा हब
कोरोना संकट के दौरान भारत ने 220 करोड़ से अधिक वैक्सीन डोज मुफ्त वितरित कर वैश्विक फार्मा हब के रूप में खुद को स्थापित किया। ई-संजीवनी, मुफ्त इलाज और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने करोड़ों नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की।
गरीब कल्याण: अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा लाभ
मोदी सरकार की प्राथमिकता गरीबों का उत्थान रही है। पीएम अन्न योजना से 81 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ घर, और जल जीवन मिशन से 15 करोड़ घरों में स्वच्छ जल जैसी योजनाएं सीधे आमजन तक पहुँचीं। जनधन, स्टैंडअप इंडिया, आयुष्मान भारत, और मुद्रा योजना ने करोड़ों लोगों की जिंदगी बदली।
किसानों की आय में वृद्धि: सम्मान और सुरक्षा दोनों
पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 11 करोड़ किसानों को हर वर्ष आर्थिक सहायता मिल रही है। एमएसपी में ऐतिहासिक वृद्धि, फसल बीमा योजना, डेयरी व मत्स्य पालन का प्रोत्साहन और ई-नेम जैसी पहलें ग्रामीण भारत को समृद्ध बना रही हैं।
महिला सशक्तिकरण: घर से लेकर संसद तक
महिलाओं को सामाजिक और राजनीतिक रूप से मजबूत करने के लिए सरकार ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुद्रा ऋण, सुकन्या समृद्धि योजना और नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसी योजनाएं लागू कीं। 35 करोड़ महिलाओं को मुद्रा लोन और विधानसभाओं में 33% आरक्षण जैसे निर्णय ऐतिहासिक हैं।
युवा, शिक्षा और रोजगार: नई पीढ़ी का सशक्तिकरण
प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं को भारत की सबसे बड़ी ताकत बताया है। स्टार्टअप इंडिया, कौशल विकास योजना, राष्ट्रीय शिक्षा नीति और तकनीकी संस्थानों का विस्तार करके युवाओं को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार किया गया है।
मध्यम वर्ग और आधारभूत संरचना: आधुनिक भारत की नींव
मध्यम वर्ग के लिए टैक्स छूट, मेट्रो सेवाओं का विस्तार, वंदे भारत ट्रेनें, हाई स्पीड रेल कॉरिडोर और उड़ान योजना जैसी पहलें केंद्र सरकार की दूरदर्शिता को दर्शाती हैं। डिजिटल हेल्थ, सागरमाला, भारतमाला और गति शक्ति जैसे प्रोजेक्ट्स ने बुनियादी ढांचे को नया आयाम दिया है।
हरियाणा की प्रगति में ट्रिपल इंजन सरकार की भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में ट्रिपल इंजन सरकार ने किसानों, युवाओं, खिलाड़ियों और उद्यमियों के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं। प्रधानमंत्री के 14 दौरे, 21 नए राष्ट्रीय राजमार्ग, झज्जर AIIMS, हिसार एयरपोर्ट जैसी परियोजनाएं राज्य के चहुंमुखी विकास की मिसाल हैं। प्रदेश में 2 लाख सोलर प्लांट लगाने का लक्ष्य भी इसी दिशा में बड़ा कदम है।